जयपुर की पूर्णिमा यूनिवर्सिटी में MBA सेकंड ईयर की 23 वर्षीय छात्रा यशस्वी रोहिल्ला की शनिवार सुबह मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, छात्रा यूनिवर्सिटी की इमारत से गिर गई थी. घटना के बाद उन्हें महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां शव को मॉर्चरी में रखवाया गया है.

पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना से कुछ समय पहले यशस्वी अपने दोस्तों से बात कर रही थीं. इसके बाद वह कक्षा से निकलकर ऊपर की ओर गईं. दोस्तों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके.

यशस्वी जयपुर के गुर्जर की थड़ी इलाके के प्रेम नगर में रहती थीं. यूनिवर्सिटी प्रबंधन के मुताबिक, वह पढ़ाई में अच्छी थीं और कुछ दिन पहले ही उनका प्लेसमेंट हुआ था. यूनिवर्सिटी के स्टाफ ने उन्हें इमरजेंसी वाहन से अस्पताल पहुंचाया था.

फोन और WhatsApp संदेशों की जांच

पूर्णिमा यूनिवर्सिटी के डीन ऑफ स्टूडेंट्स वेलफेयर राकेश गुप्ता ने बताया कि सुबह 9:45 बजे MBA सेमेस्टर की परीक्षा होनी थी. परीक्षा हॉल में जाने से पहले यशस्वी को एक फोन आया था. पुलिस इस कॉल से जुड़े नंबर की जांच कर रही है.

शिवदासपुरा थाना प्रभारी राजेश गौतम के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला प्रेमसंबंध से जुड़ा होने की आशंका है. हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत का अंतिम कारण अभी सामने नहीं आया है. पुलिस ने छात्रा का मोबाइल और बैग कब्जे में लिया है. उनके आखिरी WhatsApp संदेश की भी जांच की जा रही है.

परिवार की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पुलिस छात्रा के दोस्तों, यूनिवर्सिटी स्टाफ और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.