जयपुर के वैशाली नगर इलाके में Oven The Bakery Cafe के संचालक मयंक गोपालिया पर मोटरसाइकिल और स्कूटर से आए हमलावरों ने हमला कर दिया. घटना 5 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे की बताई जा रही है, जब गोपालिया कैफे बंद करने के बाद पैदल घर लौट रहे थे.
पुलिस के अनुसार, हमलावर एक गली के मोड़ के पास पहले से इंतजार कर रहे थे. गोपालिया के वहां पहुंचते ही उन पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला किया गया. सिर पर चोट लगने के बाद वह सड़क पर गिर पड़े, लेकिन हमलावरों ने उनके सिर, पीठ और पैरों पर वार जारी रखा. इसके बाद वे अपने साथियों के साथ फरार हो गए.
राहगीरों ने घायल गोपालिया को अस्पताल पहुंचाया. सिर में गंभीर चोट के कारण उनका ऑपरेशन किया गया और उन्हें Fortis Hospital में भर्ती कराया गया है.
वैशाली नगर थाना पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज खंगाले हैं. शुरुआती जांच में कैफे की एक महिला कर्मचारी से हुए विवाद और उसके परिचित की कथित धमकी का पहलू सामने आया है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है. परिवार की शिकायत पर रविवार को FIR दर्ज की गई और आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं.
