राजस्थान के जोधपुर में बुधवार, 30 सितंबर की रात पुलिस दबिश के दौरान 29 वर्षीय युवक सद्दाम की मौत हो गई. घटना उदयमंदिर आसन क्षेत्र की बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार, टीम गिरफ्तारी वारंट की कार्रवाई के लिए पहुंची थी. युवक पुलिस को देखकर छत की ओर गया और भागने की कोशिश में तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया.

पुलिस के मुताबिक, गिरने के बाद युवक बिजली के तारों में फंस गया और करंट की चपेट में आ गया. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई. युवक के खिलाफ मारपीट के एक मामले में वारंट लंबित था और वह फरार बताया जा रहा था.

घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए. पुलिस वाहन में तोड़फोड़ की गई और एक कांस्टेबल के साथ मारपीट की सूचना है. मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि युवक को पुलिस ने धक्का दिया, जबकि पुलिस ने इससे इनकार करते हुए मामले की जांच की बात कही है. घटनाक्रम की स्वतंत्र जांच जारी है.