राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह करीब छह बजे श्रद्धालुओं से भरी एक मिनी बस पुल से नीचे नाले में गिर गई. हादसा सिमलिया थाना क्षेत्र में कराड़िया टोल से कुछ किलोमीटर दूर हुआ. पुलिस के अनुसार, बस भोपाल से खाटू श्यामजी जा रही थी और उसमें 25 से अधिक यात्री सवार थे.
बस करीब 15 फीट नीचे गिरने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के रहने वाले आठ लोगों की मौत हुई, जबकि 17 यात्री घायल बताए गए हैं. सात लोगों की मौत घटनास्थल पर हुई और एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. बस चालक की भी मौत हुई है.
कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. नीलेश जैन के अनुसार, मृतकों और घायलों की पहचान कर ली गई है. उपलब्ध जानकारी में मृतकों के नाम अरुणा, वैष्णवी, तृषा, कृष्णा, अनिता, ओम सूर्यवंशी और राजू बताए गए हैं. चालक का नाम उपलब्ध नहीं है.
अंधेरे में बचाव कार्य में हुई देरी
हादसे की सूचना मिलने के बाद सिमलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू कराया. अंधेरा होने के कारण शुरुआती बचाव कार्य में कुछ देरी हुई. स्थानीय लोगों ने बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला. कई लोग सीटों के बीच फंस गए थे, जिससे उन्हें निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. चार एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.
चिकित्सकों के मुताबिक, कई घायलों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं. कुछ के हाथ-पैर में फ्रैक्चर भी हुआ है. पुलिस अधिकारियों ने चालक को झपकी आने की आशंका जताई है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही होगी.
