राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह हुए हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई और करीब नौ लोग घायल हुए हैं. पुलिस के अनुसार, यात्रियों से भरा टेम्पो ट्रैवलर सड़क से उतरकर करीब 15 फीट गहरे नाले में जा गिरा.

हादसा सिमलिया थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के पोल नंबर 384 के पास सुबह करीब छह बजे हुआ. वाहन में सवार लोग मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के बताए जा रहे हैं. वे भोपाल से राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर जाने के लिए निकले थे.

पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद नाले में जमा पानी और गाद के कारण बचाव अभियान में परेशानी आई. राहत दलों ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को बाहर निकाला और उसमें फंसे यात्रियों को बचाया.

घायलों को कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल और एमबीएस अस्पताल ले जाया गया है. अधिकारियों के अनुसार, मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है; शुरुआती रिपोर्टों में चालक के नियंत्रण खोने की बात सामने आई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि बाकी है.