राजस्थान के झुंझुनू जिले के पर्यटन स्थल मंडावा घूमने आई रोमानिया की 30 वर्षीय महिला पर्यटक की शनिवार सुबह तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई. महिला की पहचान करीना इएकैप के रूप में बताई गई है. शुरुआती तौर पर हार्टअटैक की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.

पुलिस के अनुसार, करीना 30 सदस्यीय विदेशी पर्यटकों के समूह के साथ 4 नवंबर को भारत आई थीं. यह दल राजस्थान के पर्यटन स्थलों की यात्रा कर रहा था. शुक्रवार रात समूह चूड़ी अजितगढ़ स्थित विवाना होटल में ठहरा था. शनिवार सुबह करीब 9 बजे करीना ने साथियों को सांस लेने में परेशानी और तबीयत खराब होने की जानकारी दी.

दोस्तों ने होटल स्टाफ को बताया और उन्हें मुकुंदगढ़ के अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें नवलगढ़ के सरकारी अस्पताल रेफर किया. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने करीना को मृत घोषित कर दिया. अस्पताल के अनुसार, महिला को वहां बेसुध अवस्था में लाया गया था.

पुलिस जुटा रही यात्रा और भोजन की जानकारी

नवलगढ़ के डीएसपी सुगन सिंह के मुताबिक, पुलिस ने पर्यटक समूह के अन्य सदस्यों से पूछताछ शुरू कर दी है. अधिकारी होटल और घटना से जुड़े लोगों से भी जानकारी ले रहे हैं. पुलिस यह पता करने की कोशिश कर रही है कि महिला को पहले से कोई स्वास्थ्य संबंधी समस्या थी या नहीं.

जांच में शुक्रवार रात होटल में खाए गए भोजन और समूह की हाल की यात्रा का ब्योरा भी शामिल है. पुलिस के मुताबिक, मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है. मेडिकल रिपोर्ट और जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.