राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने राजस्थान के जोधपुर जिले में आयोजित एक कार्यक्रम में भारत को बांटने की कोशिशों को लेकर चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी पहचानों को बड़ा बनाकर लोगों के बीच आंतरिक संघर्ष पैदा करने के प्रयास किए जा रहे हैं.
भागवत ने इन प्रयासों की तुलना ब्रिटिश शासन की ‘फूट डालो और राज करो’ नीति से की. उन्होंने कहा कि कुछ वैश्विक ताकतें भारत को आगे बढ़ते और महान राष्ट्र के रूप में उभरते नहीं देखना चाहतीं.
यह बयान रविवार को शिकरपुरा स्थित राजाराम आश्रम में आयोजित RSS जोधपुर प्रांत के ‘मरु निनाद-2026’ घोष शिविर में दिया गया. भागवत ने राष्ट्रीय एकता बनाए रखने और देशहित को व्यक्तिगत स्वार्थ, छोटे मतभेदों तथा अहंकार से ऊपर रखने की अपील की.
उन्होंने धर्म और राष्ट्रीय सेवा पर आधारित संगठित जीवन की आवश्यकता पर भी जोर दिया. उनके अनुसार, देश को मजबूत बनाने के लिए समाज को विभाजनकारी प्रवृत्तियों से सतर्क रहते हुए सामूहिक प्रयास करने चाहिए.
