राजस्थान के नागौर जिले के बड़ली क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 9:40 बजे पटाखों के गोदाम में जोरदार विस्फोट हो गया. हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत होने की जानकारी है, जबकि बचाव कार्य के दौरान दो गंभीर रूप से घायल युवक मिले हैं. मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है.

विस्फोट इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब आधा किलोमीटर दूर तक सुनाई दी. हादसे के आसपास लगभग 100 फीट के दायरे में स्थित घरों और वाहनों को नुकसान पहुंचा है. घटनास्थल से करीब 100 फीट दूर खड़ी एक बस के सभी शीशे टूट गए, जबकि आसपास के मकानों की दीवारों में दरारें आने की जानकारी है.

गोदाम में अन्य मजदूरों की तलाश

प्रशासन और बचाव दल यह पता लगाने में जुटे हैं कि विस्फोट के समय गोदाम में कुल कितने लोग मौजूद थे. अन्य मजदूरों के अंदर फंसे होने की आशंका भी जताई गई है. राहत और बचाव अभियान के दौरान दो घायल युवकों को बाहर निकाला गया.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोदाम के एक हिस्से में तैयार पटाखों का भंडार रखा हुआ था. गोदाम मालिक के पास पटाखों का स्थायी लाइसेंस होने की बात सामने आई है, लेकिन लाइसेंस में स्वीकृत मात्रा और वहां रखे पटाखों या पोटेशियम नाइट्रेट की वास्तविक मात्रा की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. विस्फोट और आग लगने के कारणों की भी अभी जानकारी नहीं मिली है.