राजस्थान के फलोदी जिले में बोरवेल में फंसे नौ वर्षीय भोमाराम को शुक्रवार सुबह तक बाहर नहीं निकाला जा सका. रेस्क्यू टीम के मुताबिक, बोरवेल में डाले गए कैमरे में बच्चे की हलचल अब दिखाई नहीं दे रही है. इसे बच्चे की स्थिति पर अंतिम निष्कर्ष नहीं माना जा सकता.
टीम ने बताया कि कैमरा बोरवेल के भीतर करीब 30 फीट तक जाने के बाद अटक गया. रेस्क्यू ऑपरेशन में बोरवेल के अंदर मौजूद पत्थर के कारण भी परेशानी आ रही है. कैमरे से पत्थर का आकार और उसकी स्थिति समझने के बाद उसे हटाने के लिए दूसरे उपाय की तैयारी की जा रही है.
बोरवेल से रेस्क्यू में विशेषज्ञ मादाराम और उनकी टीम का प्रयास अभी सफल नहीं हुआ है. बच्चे को बाहर निकालने के लिए लोहे की सरियों का जाल तैयार किया जा रहा है.
भोमाराम गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे पूनिया की ढाणी में 1,050 फीट गहरे बोरवेल में गिरा था. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वह करीब 640 फीट की गहराई में अटका है.
