राजस्थान सरकार पुष्कर को स्वच्छ, हरित और आधुनिक पर्यटन शहर के रूप में विकसित करने की योजना पर काम कर रही है. इसके तहत ब्रह्मा मंदिर कॉरिडोर, पुष्कर सरोवर के घाटों और परिक्रमा मार्ग के विकास पर जोर दिया जाएगा. शहर को Clean and Green Eco-City के रूप में विकसित करने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा रही है.

राज्य बजट में स्मार्ट सिटी योजना की तर्ज पर पुष्कर समेत 16 शहरों के लिए तीन वर्षों में 900 करोड़ रुपये का कोष प्रस्तावित किया गया था. सरकारी बजट दस्तावेजों के अनुसार, पुष्कर में शहर सौंदर्यीकरण, जलापूर्ति, सीवरेज और अन्य शहरी बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्य भी शामिल हैं.

पुष्कर और आसपास सड़क निर्माण, चौड़ीकरण तथा सुदृढ़ीकरण के 42 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य पूरे होने की जानकारी दी गई है. इनमें पुष्कर-बड़ी घाटी सड़क, सुरजकुंड योजना, मोतीसर मार्ग और सावित्री मंदिर मार्ग शामिल हैं. पुष्कर सरोवर के पास एक उच्चस्तरीय पुल की मरम्मत और प्रवेश द्वार का निर्माण भी कराया गया है.

सावित्री माता मंदिर क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था सुधारने के लिए 50 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई है. सरकार का घोषित लक्ष्य धार्मिक विरासत, पर्यटक सुविधाओं और नागरिक बुनियादी ढांचे के बीच संतुलन बनाना है.