जयपुर: राजस्थान में शहरी सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए 1,150 इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी दी गई है. ये बसें जयपुर, जोधपुर समेत राज्य के नौ शहरों में संचालित की जाएंगी. यह विस्तार केंद्र की PM e-Bus Sewa योजना के तहत किया जा रहा है.
स्वीकृत आवंटन में जयपुर को सबसे अधिक 550 बसें मिली हैं. जोधपुर के लिए 125, अजमेर और कोटा के लिए 100-100, बीकानेर के लिए 75 तथा भीलवाड़ा, अलवर, उदयपुर और सीकर के लिए 50-50 बसें स्वीकृत की गई हैं.
राज्य में पहले आठ शहरों के लिए 675 बसों को मंजूरी मिली थी. बाद में अतिरिक्त स्वीकृति के साथ कुल संख्या बढ़कर 1,150 हो गई. सरकारी जानकारी के अनुसार, अब तक 250 इलेक्ट्रिक बसें राजस्थान पहुंच चुकी हैं.
जयपुर में 103 बसें Jaipur City Transport Services Limited को मिल चुकी हैं. इनमें से 58 बसें बगराना डिपो से चल रही हैं, जबकि टोडी डिपो से सेवाएं शुरू करने की तैयारी की जा रही है. बसों के संचालन के लिए डिपो, चार्जिंग स्टेशन और अन्य विद्युत ढांचे का विकास भी किया जा रहा है.
