राजस्थान में 273 नगरीय निकायों के अध्यक्ष, सभापति और महापौर पद के लिए सोमवार, 21 सितंबर 2026 को मतदान होगा. इनमें पांच नगर निगम भी शामिल हैं. मतदान के बाद संबंधित निकायों में मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे.

राज्य में कुल 305 नगरीय निकायों के लिए 9 और 11 सितंबर को दो चरणों में पार्षदों का चुनाव हुआ था. नामांकन वापसी के बाद 32 निकायों में अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया. इनमें भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के उम्मीदवारों के साथ कुछ समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार भी शामिल हैं.

अब बाकी निकायों में चुने गए पार्षद अध्यक्ष का चुनाव करेंगे. कई जगह भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है, जबकि कुछ निकायों में निर्दलीय उम्मीदवारों की वजह से मुकाबला बहुकोणीय हो गया है.

चुनाव को लेकर दोनों प्रमुख दलों ने अपने पार्षदों की बाड़ाबंदी की है और समर्थन जुटाने की कोशिश तेज कर दी है. जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम समेत कुछ निकायों में पुनर्मतदान के कारण अध्यक्ष पद का चुनाव 25 सितंबर को कराया जाएगा. इन निकायों के लिए उपाध्यक्ष पद का चुनाव 26 सितंबर को प्रस्तावित है.