राजस्थान के 32 शहरी स्थानीय निकायों के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए विश्व बैंक समर्थित Sustainable Urban Transformation in Rajasthan Accelerated यानी SUTRA परियोजना का प्रस्ताव तैयार किया गया है. विश्व बैंक के प्रारंभिक परियोजना दस्तावेज के अनुसार, इसका फोकस शहरी विकास, स्वच्छता, जल आपूर्ति और आपदा जोखिम प्रबंधन से जुड़े कामों पर है.
प्रस्तावित परियोजना में जयपुर, जोधपुर, कोटा और भरतपुर को प्रमुख शहरी क्लस्टर के रूप में शामिल किया गया है. इनके साथ 28 सैटेलाइट टाउन भी परियोजना का हिस्सा होंगे. उपलब्ध विवरण के मुताबिक, परियोजना की कुल लागत करीब 38.57 करोड़ डॉलर यानी लगभग 3,500 करोड़ रुपये है. इसमें विश्व बैंक के इंटरनेशनल बैंक फॉर रिकंस्ट्रक्शन एंड डेवलपमेंट से करीब 27 करोड़ डॉलर का ऋण और राज्य सरकार की ओर से लगभग 11.57 करोड़ डॉलर के वित्तपोषण का प्रस्ताव है.
किन क्षेत्रों में होगा काम
परियोजना के तहत शहरी परिवहन और कनेक्टिविटी सुधार, ठोस कचरा प्रबंधन, नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत क्षेत्रों के संरक्षण पर ध्यान दिया जाएगा. गर्मी के मौसम में जल संकट और बारिश के दौरान जलभराव जैसी चुनौतियों से निपटने के उपाय भी प्रस्तावित हैं.
परियोजना का तकनीकी डिजाइन और अनुमोदन प्रक्रिया अभी प्रस्तावित चरण में है. उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार, तकनीकी डिजाइन की समीक्षा 10 दिसंबर 2026 और विश्व बैंक बोर्ड से अनुमोदन 2 जुलाई 2027 तक संभावित है.
