जयपुर. राजस्थान के आठ शहरों में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत कुल 675 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को मंजूरी दी गई है. इनमें जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, बीकानेर, भीलवाड़ा, अलवर और अजमेर शामिल हैं.
योजना की समीक्षा के लिए हुई बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने संबंधित विभागों को काम में तेजी लाने और आवश्यक सुविधाएं समय पर तैयार करने के निर्देश दिए. बैठक में बस डिपो, बिजली कनेक्शन और चार्जिंग ढांचे से जुड़े लंबित कार्यों की समीक्षा की गई.
अधिकारियों के अनुसार, जयपुर के टोडी डिपो में बिजली कनेक्शन से संबंधित काम पूरा किया जाना है. इसके अलावा स्वीकृत स्थानों पर बस डिपो के लिए जमीन की उपलब्धता और इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग सुविधाओं के विकास पर भी चर्चा हुई.
मुख्य सचिव ने योजना के सुचारू संचालन के लिए विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने को कहा. बैठक में यात्रियों की संख्या, प्रतिदिन औसत यात्री भार और किराये से होने वाली आय की जानकारी लेकर योजना की प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए.
