राजस्थान के नौ शहरों में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत कुल 1,150 इलेक्ट्रिक बसें चलाने की मंजूरी मिल चुकी है. राज्य सरकार के अनुसार, इनमें से 250 बसें राजस्थान को प्राप्त हो चुकी हैं. योजना के तहत जयपुर, जोधपुर, अजमेर, कोटा, बीकानेर, भीलवाड़ा, अलवर, उदयपुर और सीकर को शामिल किया गया है.

जयपुर को सबसे अधिक 550 बसें आवंटित की गई हैं. जोधपुर को 125, अजमेर और कोटा को 100-100, बीकानेर को 75 तथा भीलवाड़ा, अलवर, उदयपुर और सीकर को 50-50 बसें मिलेंगी. जयपुर को अब तक 103 बसें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 58 का संचालन बगराना डिपो से किया जा रहा है. शेष 45 बसों को टोडी डिपो से शुरू करने की तैयारी है.

ई-बसों के संचालन के लिए डिपो, चार्जिंग स्टेशन और बिजली से जुड़े ढांचे पर काम चल रहा है. जयपुर में रलावता-गोनेर, खटवाड़ा और अचरोल में नए डिपो के लिए जमीन आवंटित की गई है. डिपो के सिविल कार्य और चार्जिंग-बिजली ढांचे के लिए केंद्र से 113 करोड़ रुपये से अधिक की मंजूरी बताई गई है. बसों में CCTV कैमरे, पैनिक बटन और अन्य सुरक्षा सुविधाएं भी होंगी.