राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने समान पात्रता परीक्षा (CET) सीनियर सेकेंडरी लेवल 2026 का परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है. परीक्षा 1, 2 और 3 दिसंबर 2026 को आयोजित होगी. प्रत्येक दिन दो पालियों में परीक्षा होगी और दोनों पालियों की अवधि ढाई घंटे रहेगी.

पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेगी.

OMR शीट को लेकर जरूरी निर्देश

परीक्षा में प्रत्येक प्रश्न के सामने पांच विकल्प दिए जाएंगे. A, B, C और D संभावित उत्तरों के विकल्प होंगे, जबकि E विकल्प उस प्रश्न के लिए होगा जिसका उत्तर अभ्यर्थी नहीं देना चाहता.

किसी प्रश्न का उत्तर देने वाले अभ्यर्थी को सही विकल्प का गोला नीले बॉल पेन से गहरा भरना होगा. यदि किसी प्रश्न का उत्तर नहीं देना है, तो E विकल्प का गोला भरना जरूरी होगा.

बोर्ड के निर्देशों के अनुसार, यदि पांचों विकल्पों में से कोई भी गोला नहीं भरा गया, तो उस प्रश्न के अंकों का एक-तिहाई हिस्सा काटा जा सकता है. वहीं, 10 प्रतिशत से अधिक प्रश्नों में कोई भी गोला खाली रहने पर अभ्यर्थी को परीक्षा के लिए अयोग्य घोषित किया जा सकता है.

हर प्रश्न के सामने विकल्प भरा गया है या नहीं, इसकी जांच के लिए अभ्यर्थियों को 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिए जाने की बात कही गई है.

पहचान पत्र की फोटो का भी होगा मिलान

RSSB ने पहचान पत्र की फोटो को लेकर भी सावधानी बरतने को कहा है. जिस पहचान पत्र पर लगी फोटो तीन साल या उससे अधिक पुरानी है, उसे अपडेट कराने की सलाह दी गई है. परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र की फोटो, मूल पहचान पत्र की फोटो और अभ्यर्थी के चेहरे का मिलान किया जाएगा. फोटो का मिलान न होने पर केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा सकती.