राजस्थान में प्रस्तावित परिसीमन के बाद लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ सकती है. उपलब्ध रिपोर्ट्स के अनुसार, 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के फॉर्मूले पर अमल हुआ तो राज्य में लोकसभा सीटें मौजूदा 25 से बढ़कर 38 और विधानसभा सीटें 200 से बढ़कर 300 हो सकती हैं.

इस बदलाव से राजस्थान को लोकसभा में 13 और विधानसभा में 100 अतिरिक्त प्रतिनिधि मिलेंगे. 300 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा भी मौजूदा 101 से बढ़कर 151 हो जाएगा.

महिला आरक्षण से बदलेगा टिकटों का गणित

प्रस्तावित व्यवस्था में लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है. इसके आधार पर 300 सदस्यीय राजस्थान विधानसभा में करीब 100 सीटें और 38 लोकसभा सीटों में लगभग 13 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं. आरक्षित सीटों की वास्तविक संख्या और उनका निर्धारण परिसीमन प्रक्रिया में होगा.

परिसीमन के दौरान निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं नए सिरे से तय की जाएंगी. इससे कई मौजूदा क्षेत्रों का भौगोलिक स्वरूप बदल सकता है और नए क्षेत्र बनाए जा सकते हैं. हालांकि 38 लोकसभा और 300 विधानसभा सीटों का आंकड़ा अभी प्रस्तावित फॉर्मूले पर आधारित अनुमान है. कानून बनने और परिसीमन आयोग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अंतिम तस्वीर स्पष्ट होगी.