राजस्थान में फर्जी FMGE स्क्रीनिंग परीक्षा प्रमाणपत्रों के मामले में स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) ने चार और डॉक्टरों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों ने विदेश से MBBS की पढ़ाई की थी, लेकिन भारत में मेडिकल प्रैक्टिस के लिए जरूरी FMGE परीक्षा पास नहीं की थी.
जांच एजेंसी का आरोप है कि इन लोगों ने बिचौलियों के जरिए 27 से 30 लाख रुपये तक देकर कथित तौर पर फर्जी प्रमाणपत्र हासिल किए. इन दस्तावेजों के आधार पर उन्होंने राजस्थान के अलग-अलग मेडिकल कॉलेजों में इंटर्नशिप की और राजस्थान मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण के लिए आवेदन किया.
गिरफ्तार आरोपियों में भारत भूषण, सौरव शर्मा, हिमांशु शर्मा और शिवम चौधरी शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, इनकी इंटर्नशिप दौसा, धौलपुर, जयपुर और अलवर के संस्थानों में हुई थी.
SOG के अनुसार, मामले में अब तक 100 से अधिक संदिग्धों की पहचान की जा चुकी है, जबकि राजस्थान मेडिकल काउंसिल के तत्कालीन रजिस्ट्रार समेत 33 लोगों की पहले गिरफ्तारी हो चुकी है. जांच में कथित बिचौलियों और अन्य सहयोगियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है.
