राजस्थान में फर्जी शैक्षणिक दस्तावेजों के आधार पर चिकित्सक के रूप में पंजीकरण कराने के आरोप में एसओजी ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. जांच के अनुसार, आरोपियों ने राजस्थान मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण के लिए कथित तौर पर फर्जी एमबीबीएस डिग्री, अंकतालिका और स्त्री रोग एवं प्रसूति विज्ञान से जुड़े डिप्लोमा दस्तावेज पेश किए थे.
एसओजी के मुताबिक, पंकज यादव ने 2013 से 2018 के बीच कजाकिस्तान में एमबीबीएस की पढ़ाई की थी, लेकिन विदेशी मेडिकल ग्रेजुएट्स परीक्षा में करीब छह प्रयासों के बावजूद सफल नहीं हुआ. आरोप है कि इसके बाद उसने बिहार के श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज और बिहार मेडिकल काउंसिल से जुड़े फर्जी दस्तावेज तैयार कराए. सत्यापन में कॉलेज में उसका पंजीकरण नहीं मिला और डिग्री व अंकतालिका फर्जी पाई गईं. उसे हरियाणा के कैथल से गिरफ्तार किया गया.
दूसरे आरोपी नानजीराम चौधरी पर स्त्री रोग विशेषज्ञ के रूप में पंजीकरण कराने के लिए फर्जी डिप्लोमा दस्तावेज इस्तेमाल करने का आरोप है. जांच में उसके दस्तावेज संबंधित संस्था से सत्यापित नहीं हुए. एसओजी के अनुसार, वह केवल आठवीं कक्षा तक पढ़ा है और जालोर के रानीवाड़ा में एक निजी अस्पताल चलाता था. उसे रानीवाड़ा से गिरफ्तार किया गया.
मामले में राजस्थान मेडिकल काउंसिल के तत्कालीन पदाधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस अभिरक्षा मिली.
