राजस्थान के पांच सूखा प्रभावित जिलों में खेती को जलवायु और कम पानी की परिस्थितियों के अनुकूल बनाने के लिए 110 करोड़ रुपये की परियोजना शुरू की जाएगी. कृषि विभाग ने इसके लिए हैदराबाद स्थित इंटरनेशनल क्रॉप्स रिसर्च इंस्टीट्यूट फॉर द सेमी-एरिड ट्रॉपिक्स (ICRISAT) और जोधपुर स्थित सेंट्रल एरिड जोन रिसर्च इंस्टीट्यूट (CAZRI) के साथ त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं.
परियोजना जैसलमेर, नागौर, चूरू, जोधपुर और बाड़मेर में लागू होगी. इसके लिए राशि राष्ट्रीय आपदा राहत कोष और राज्य आपदा राहत कोष से स्वीकृत की गई है.
समझौते के तहत ICRISAT जैसलमेर, नागौर और चूरू में तकनीकी सहयोग देगा, जबकि CAZRI जोधपुर और बाड़मेर में जिम्मेदारी संभालेगा. दोनों संस्थान स्थानीय जलवायु और कृषि परिस्थितियों के आधार पर फसल प्रबंधन तथा वैज्ञानिक खेती की तकनीकों पर काम करेंगे.
किसानों को तकनीकी सहायता
परियोजना के तहत किसानों को जलवायु अनुकूल खेती, बेहतर फसल प्रबंधन और प्राकृतिक संसाधनों के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी जाएगी. इसका उद्देश्य कम पानी में खेती को बढ़ावा देना, सूखे के प्रभाव को घटाना और फसल उत्पादन को अधिक स्थिर बनाना है.
समझौते पर कृषि आयुक्त नरेश गोयल, ICRISAT के महानिदेशक डॉ. हिमांशु पाठक और CAZRI के निदेशक डॉ. हनुमान सहाय जाट ने हस्ताक्षर किए.
