राजस्थान में मानसून के दौरान सामान्य से कम बारिश के बाद पानी और पशु चारे की उपलब्धता को लेकर संकट गहरा गया है. सरकार के आकलन में 9 जिलों को गंभीर और 22 जिलों को अर्ध-गंभीर श्रेणी में रखा गया है. इस तरह 41 में से 31 जिलों में स्थिति पर विशेष निगरानी की जा रही है.
गंभीर श्रेणी में पाली, उदयपुर, राजसमंद, जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, बालोतरा, ब्यावर और दौसा शामिल हैं. जयपुर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, जालौर, सीकर, सिरोही, झुंझुनूं, नागौर, कोटपूतली-बहरोड़ और सवाई माधोपुर समेत 22 जिलों को अर्ध-गंभीर श्रेणी में रखा गया है.
सरकार ने उठाए राहत कदम
राज्य सरकार ने पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश से पराली को जलाने के बजाय चारे के रूप में उपलब्ध कराने की अपील की है. प्रभावित क्षेत्रों में अनुदान वाले चारा डिपो और पशु शिविर शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं. कम बारिश से प्रभावित इलाकों में टैंकरों के जरिए पेयजल आपूर्ति 31 दिसंबर तक जारी रखने की बात कही गई है.
सरकार ने जिलों की स्थिति की समीक्षा और चारे-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों तथा प्रभारी मंत्रियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के निर्देश भी दिए हैं.
