राजस्थान सरकार ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अधिकारियों से जुड़े 30 अनुशासनात्मक मामलों का निस्तारण किया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कार्रवाई के तहत 17 सेवारत अधिकारियों की दो से चार वार्षिक वेतनवृद्धियां संचयी प्रभाव से रोकने को मंजूरी दी गई है. वहीं, 16 सेवानिवृत्त अधिकारियों के पेंशन लाभों पर भी अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई.

कार्रवाई में आपराधिक गतिविधियों से कथित संबंध, अवैध बजरी खनन से जुड़े लोगों से अनुचित लाभ लेने, नशा तस्करों से कथित मिलीभगत और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी में लापरवाही जैसे मामले शामिल हैं. एक पुलिस दल द्वारा पर्याप्त जांच नहीं करने पर तत्कालीन पुलिस निरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक और कांस्टेबल के खिलाफ भी दंड स्वीकृत किया गया.

मनरेगा कार्यों की निगरानी में लापरवाही, लंबे समय तक ड्यूटी से अनुपस्थिति और गलत रक्त जारी करने से जुड़े मामलों में भी विभागीय कार्रवाई हुई.

गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के मामलों में एक सेवानिवृत्त अधिकारी की पूरी पेंशन स्थायी रूप से रोकने और दो अन्य अधिकारियों की पेंशन पांच वर्ष के लिए 20 प्रतिशत रोकने का फैसला किया गया. हालांकि, आरोप साबित नहीं होने पर आठ मामलों में अधिकारियों को दोषमुक्त भी किया गया.