राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर पीठ ने स्पष्ट किया है कि पत्नी की ओर से पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज कराना, अपने आप में आत्महत्या के लिए उकसाने का अपराध नहीं माना जा सकता. अदालत ने कहा कि इसके लिए आरोपी की ओर से आत्महत्या के लिए स्पष्ट उकसावा, जानबूझकर मदद या कोई सक्रिय कृत्य प्रथमदृष्टया सामने आना जरूरी है.
यह टिप्पणी उस मामले की सुनवाई के दौरान आई, जिसमें काजल नाम की महिला के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 306 के तहत आरोप तय किए गए थे. निचली अदालत ने 18 जुलाई 2023 को आरोप तय करने का आदेश दिया था, जिसे हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी.
जस्टिस फरजंद अली की एकल पीठ ने कहा कि केवल वैवाहिक अनबन, घरेलू विवाद, आपसी मनमुटाव, अलगाव या आपराधिक मुकदमेबाजी से आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण का अपराध स्वतः साबित नहीं होता. अदालत ने अभियोजन सामग्री में जानबूझकर उकसाने या सहायता करने का प्रथमदृष्टया आधार नहीं पाया.
इसके बाद हाईकोर्ट ने आपराधिक पुनरीक्षण याचिका स्वीकार करते हुए धारा 306 के आरोप को निरस्त कर दिया और याचिकाकर्ता को उस आरोप से मुक्त कर दिया.
