राजस्थान हाई कोर्ट ने 2024 की भर्ती प्रक्रिया में चयनित पूर्व सैनिक को अंतरिम राहत देते हुए राज्य सरकार को उसका Class IV पद खाली रखने का निर्देश दिया है. अदालत ने अधिकारियों को चयन रद्द करने से भी रोक दिया और मामले में जवाब मांगा है.
न्यायमूर्ति अनूप कुमार दंड ने सोमवार को सुधीर गिल की याचिका पर प्रारंभिक सुनवाई के दौरान यह आदेश दिया. अदालत ने प्रमुख सचिव, शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा निदेशक और टोंक के जिला शिक्षा अधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी किए हैं.
याचिका के अनुसार, गिल का चयन राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की Class IV Direct Recruitment 2024 में पूर्व सैनिक श्रेणी के तहत हुआ था. 19 अक्टूबर 2026 के आदेश से उन्हें टोंक जिले के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बासखरोलन में नियुक्ति दी गई थी और 5 नवंबर तक जॉइन करना था.
पुलिस सत्यापन में सामने आया कि सीकर के नीम का थाना थाने में 2019 के सड़क हादसे से जुड़ी FIR दर्ज है और मामले में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है. गिल ने 26 अक्टूबर को जॉइनिंग रिपोर्ट दी, लेकिन स्कूल अधिकारियों ने उन्हें कार्यभार ग्रहण नहीं करने दिया. 3 नवंबर को दिए गए उनके प्रतिवेदन पर भी अनुमति नहीं मिली.
याचिकाकर्ता की ओर से तर्क दिया गया कि केवल लंबित आपराधिक मामले के आधार पर नियुक्ति रोकना उचित नहीं है, क्योंकि उन्हें अब तक दोषी नहीं ठहराया गया है. याचिका में यह भी कहा गया कि जॉइनिंग विभाग की ओर से रोकी गई थी, इसलिए निर्धारित समय तक कार्यभार ग्रहण न कर पाने के लिए उम्मीदवार को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता.
