राजस्थान हाईकोर्ट के नाम पर कथित तौर पर तैयार किए गए तीन फर्जी जमानत आदेशों के मामले में अदालत ने सख्त रुख अपनाया है. हाईकोर्ट ने जोधपुर पुलिस आयुक्त को डीएसपी स्तर के अधिकारी की अगुवाई में विशेष जांच टीम गठित करने के निर्देश दिए हैं. जांच में साइबर क्राइम विशेषज्ञों की मदद लेने को भी कहा गया है.
न्यायमूर्ति चंद्रशेखर शर्मा की पीठ ने 5 नवंबर को कलविंद्र सिंह पनेसर की जमानत अवधि बढ़ाने संबंधी याचिका पर सुनवाई के दौरान यह मामला सामने आने के बाद निर्देश जारी किए. अदालत ने एसआईटी से हर 15 दिन में जांच की प्रगति रिपोर्ट मांगी है और मामले की जानकारी मुख्य न्यायाधीश को देने को कहा है.
सुनवाई में 12, 15 और 26 अक्टूबर की तारीख वाले तीन कथित जमानत आदेश पेश किए गए. न्यायिक रिकॉर्ड के मिलान में सामने आया कि इन तारीखों पर संबंधित मामला सूचीबद्ध नहीं था और पीठ ने कोई जमानत आदेश पारित नहीं किया था. इसके बाद अदालत ने दस्तावेजों को फर्जी और जाली माना.
पनेसर को पत्नी की सर्जरी के आधार पर 6 मई को 30 दिन की अंतरिम जमानत मिली थी. जेल प्रशासन के अनुसार, उसे 9 जून को वापस जेल लौटना था, लेकिन वह निर्धारित समय पर नहीं लौटा. हाईकोर्ट ने उसके जमानत मुचलके रद्द कर जमानतदारों की राशि जब्त करने और गिरफ्तारी वारंट जारी करने का आदेश दिया.
हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार (न्यायिक) नरेंद्र कुमार की शिकायत पर जोधपुर के कुड़ी भगतासनी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस जांच से यह पता लगाया जाएगा कि कथित आदेश किसने तैयार किए, वे आधिकारिक रिकॉर्ड या वेबसाइट तक कैसे पहुंचे और मामले में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं.
