जयपुर. राजस्थान हाईकोर्ट प्रशासन ने दो अलग-अलग आदेश जारी कर 20 न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियां की हैं. आदेशों के तहत उपेन्द्र शर्मा को बांसवाड़ा का जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है, जबकि विरेन्द्र कुमार मीना को हाईकोर्ट की जयपुर पीठ में विशेष अधिकारी (OSD) नियुक्त किया गया है.
तबादला सूची में जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश और सिविल जज स्तर के अधिकारी शामिल हैं. राजपाल सिंह को श्रीडूंगरगढ़, बृजेश कुमार को जयपुर महानगर-I स्थित रेंट अपीलीय ट्रिब्यूनल और रविबाला सिंह को बीकानेर में एडीजे संख्या-4 की जिम्मेदारी दी गई है.
विवेक शर्मा को भरतपुर में महिला अत्याचार मामलों की अदालत, गुंजन गोयल को जयपुर में नकली मुद्रा मामलों की विशेष अदालत और कृष्णकांत को सांगानेर स्थित एडीजे संख्या-10 के पद पर तैनात किया गया है. अंजुम खान और चेतन कुमार गोयल को जयपुर की अलग-अलग एडीजे अदालतों में नई जिम्मेदारी मिली है.
यशवंत भारद्वाज को सीकर में एडीजे संख्या-4, मनीष कुमार सिन्हा को भरतपुर के वैर और योगेश कुमार को जोधपुर के शेरगढ़ में सिविल जज एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है. आदेशों में अधिकारियों को कार्यभार सौंपने और रिलीविंग-जॉइनिंग रिपोर्ट ई-पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं.
