राजस्थान के कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शंभूपुरा गांव के पास खड़े ट्रक से क्रूजर गाड़ी टकरा गई. हादसे में एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं. मृतकों में बच्चे भी शामिल बताए गए हैं.

यह दुर्घटना नाता पुलिस थाना क्षेत्र में आधी रात के करीब हुई. अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेश जोशी के अनुसार, क्रूजर में कुल 16 लोग सवार थे. परिवार खाटू श्यामजी के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहा था.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि गाड़ी चलाते समय ड्राइवर को झपकी आ गई. इसके बाद वाहन असंतुलित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया. हालांकि, हादसे के कारणों की पुलिस जांच जारी है.

घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम कराया जा रहा है.

इसी रात राजस्थान के जोधपुर में भी कार और ट्रैवल टेम्पो की टक्कर का एक अलग हादसा हुआ. इसमें तीन लोगों की मौत और 15 लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई है. घायलों को मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस वाहन में सवार लोग गुजरात से रामदेवरा जा रहे थे.