राजस्थान के शहरी निकाय चुनाव में EVM से जुड़ी तकनीकी समस्या के कारण प्रभावित 10 मतदान केंद्रों पर कराई गई री-पोलिंग के वोटों की मतगणना आज, 17 सितंबर को होगी. मतगणना सुबह 8 बजे से निर्धारित केंद्रों पर शुरू की जाएगी.
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, 16 सितंबर को जयपुर, जोधपुर, कोटा नगर निगम और सुकेत नगरपालिका के संबंधित बूथों पर दोबारा मतदान कराया गया था. इनमें जयपुर के पांच, कोटा के तीन, जोधपुर का एक और सुकेत का एक मतदान केंद्र शामिल है.
री-पोलिंग की नौबत उस समय आई जब 14 सितंबर को मतगणना के दौरान कुछ EVM में तकनीकी खराबी के चलते वोटों का डेटा हासिल नहीं हो सका. इसके बाद आयोग ने संबंधित बूथों पर फिर से मतदान कराने का फैसला किया.
लंबित वार्डों के नतीजे घोषित होने के बाद जयपुर, जोधपुर, कोटा और सुकेत में महापौर, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के चुनाव की आगे की प्रक्रिया तय होगी. अन्य शहरी निकायों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव 21 और 22 सितंबर को प्रस्तावित हैं.
