राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव की तैयारी कर रहे संभावित उम्मीदवारों और ग्रामीण मतदाताओं को एक बार फिर इंतजार करना होगा. जिला परिषद, पंचायत समिति सदस्य, प्रधान, सरपंच और वार्ड पंचों के लिए 17 और 18 सितंबर 2026 को प्रस्तावित आरक्षण लॉटरी स्थगित कर दी गई है.
आरक्षण लॉटरी की नई तारीख अभी घोषित नहीं की गई है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, शहरी निकाय चुनावों से जुड़ी प्रशासनिक प्रक्रिया के कारण यह कार्यक्रम आगे बढ़ाया गया है. 17 सितंबर को निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद के नामांकन पत्रों की जांच और 18 सितंबर को नाम वापसी तथा चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया होनी है.
पहले तय कार्यक्रम के अनुसार 17 सितंबर को जिला स्तर पर जिला परिषद सदस्यों, प्रधानों और पंचायत समिति सदस्यों के लिए आरक्षण लॉटरी होनी थी. 18 सितंबर को उपखंड स्तर पर सरपंच और वार्ड पंच पदों का आरक्षण तय किया जाना था.
अब पंचायती राज विभाग और राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नई तारीख घोषित होने के बाद ही आरक्षण की स्थिति स्पष्ट होगी. राजस्थान सरकार ने स्थानीय निकाय चुनाव प्रक्रिया 15 नवंबर 2026 तक पूरी कराने की समयसीमा अदालत के समक्ष रखी है.
