राजस्थान में पंचायतीराज चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा शनिवार, 3 अक्टूबर को होने की संभावना है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार राज्य निर्वाचन आयोग दोपहर 3 बजे चुनाव कार्यक्रम जारी कर सकता है. इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी.

चुनाव चार चरणों में कराने की तैयारी है और पूरी प्रक्रिया 9 नवंबर तक पूरी किए जाने की संभावना जताई गई है. जिला कलेक्टरों की ओर से 5 या 6 अक्टूबर तक चुनाव अधिसूचना जारी हो सकती है. इसके करीब एक सप्ताह बाद नामांकन प्रक्रिया शुरू होने की बात कही गई है.

सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव बैलेट पेपर से, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के चुनाव ईवीएम से कराए जाने की जानकारी सामने आई है. सभी चरणों की मतगणना एक ही दिन जिला स्तर पर कराने की भी तैयारी बताई गई है.

प्रस्तावित चुनाव में 1.69 लाख से अधिक जनप्रतिनिधियों का निर्वाचन होना है. इनमें 1,403 जिला परिषद सदस्य, 8,245 पंचायत समिति सदस्य, 14,403 ग्राम पंचायतों के सरपंच-उपसरपंच और करीब 1.30 लाख वार्ड पंच शामिल हैं. पंचायतीराज संस्थाओं में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण लागू रहेगा.