राजस्थान पंचायत चुनावों के चारों चरणों में हुए मतदान की मतगणना शुक्रवार, 20 नवंबर को शुरू हो गई. 37 जिलों के जिला मुख्यालयों पर सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती की जा रही है.

इन जिलों में 37 जिला परिषदों के 1,275 वार्ड और 419 पंचायत समितियों के 7,543 वार्डों के नतीजे घोषित किए जाएंगे. इस तरह कुल 8,818 वार्डों के परिणाम सामने आएंगे.

मतगणना की शुरुआत डाक मतपत्रों से की जा रही है. इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन यानी ईवीएम में दर्ज वोटों की गिनती होगी. चुनाव पार्टी के चुनाव चिह्नों पर हुए हैं, इसलिए परिणामों से ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा और कांग्रेस समेत अन्य दलों की स्थिति स्पष्ट होगी.

कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर जिलों की मतगणना अलग कार्यक्रम के तहत 17 दिसंबर को प्रस्तावित है. जिला परिषदों के जिला प्रमुख और पंचायत समितियों के प्रधान के चुनाव परिणामों के बाद चुने जाएंगे.