राजस्थान के ग्रामीण स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर स्पष्ट बढ़त बना ली है. राज्य निर्वाचन आयोग के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार कांग्रेस ने 3,701 पंचायत समिति सीटें जीतीं, जबकि भाजपा के खाते में 2,181 सीटें आईं. जिला परिषद स्तर पर भी कांग्रेस 599 सीटों के साथ आगे रही, जबकि भाजपा ने 301 सीटें जीतीं.
पंचायत समिति चुनावों में कांग्रेस 37 में से 33 जिलों में भाजपा से आगे रही. भाजपा केवल अजमेर, बालोतरा, सलूम्बर और उदयपुर में बढ़त बना सकी. हालांकि, शुक्रवार शाम तक सभी सीटों के परिणाम घोषित नहीं हुए थे. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक 7,543 पंचायत समिति सीटों में से 7,393 और 1,275 जिला परिषद सीटों में से 981 के नतीजे घोषित किए जा चुके थे.
अन्य दलों में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने पंचायत समिति की 496 और जिला परिषद की 37 सीटें जीतीं. भारत आदिवासी पार्टी को क्रमशः 276 और 22 सीटें मिलीं, जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों ने पंचायत समिति की 627 सीटों पर जीत दर्ज की.
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने परिणामों को भाजपा सरकार के लिए ग्रामीण मतदाताओं का संदेश बताया. भाजपा सरकार दिसंबर में अपने कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे करने वाली है.
