राजस्थान के नगरीय निकाय क्षेत्रों में संचालित सरकारी उच्च माध्यमिक स्कूलों में विद्या संबल योजना के दूसरे चरण के तहत गेस्ट फैकल्टी लगाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है. यह नियुक्तियां कक्षा 11वीं और 12वीं के प्राध्यापक पदों पर स्वीकृत एवं स्पष्ट रिक्तियों के आधार पर होंगी.
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के जारी कार्यक्रम के अनुसार विद्यालयवार रिक्तियों का प्रकाशन 21 नवंबर 2026 को किया जाएगा. पात्र निजी अभ्यर्थी और संबंधित योग्यता रखने वाले 65 वर्ष तक के सेवानिवृत्त शिक्षक 23 नवंबर से 25 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे तक संबंधित स्कूल के प्राचार्य या यूसीईईओ को व्यक्तिगत रूप से आवेदन दे सकेंगे. आवेदन ऑफलाइन जमा होंगे.
प्राध्यापक पदों के लिए मानदेय ₹400 प्रति घंटा निर्धारित है. इसकी अधिकतम मासिक सीमा ₹30,000 होगी. चयन शैक्षणिक और प्रशैक्षणिक योग्यता के आधार पर वरीयता सूची से किया जाएगा. योजना के तहत नियुक्ति पूरी तरह अस्थायी होगी और नियमित शिक्षक के आने या 31 मार्च 2027 तक, जो पहले हो, प्रभावी रहेगी.
प्राप्त आवेदनों की सूची 26 नवंबर को जारी होगी. आपत्तियों के बाद अंतिम चयन सूची तैयार की जाएगी और जिला स्तरीय समिति की मंजूरी के बाद 4 दिसंबर को नियुक्ति आदेश जारी किए जाने हैं. स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम में बदलाव संभव है.
