राजस्थान में 14 नवंबर से मौसम में बदलाव की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी राजस्थान में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ हिस्सों में बादल छाने, मेघगर्जन और हल्की बारिश हो सकती है.

14 नवंबर को बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर और फलोदी में तेज हवाओं के साथ मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी दी गई है. इन जिलों में हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. बारिश का असर स्थानीय और हल्का रहने का अनुमान है.

15 नवंबर को बीकानेर संभाग के उत्तरी हिस्सों और शेखावाटी क्षेत्र में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. मौसम विभाग ने इसे प्रदेश में व्यापक बारिश का दौर नहीं बताया है.

16 नवंबर से राजस्थान के कुछ हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिरने की संभावना है. इसके बाद सुबह और रात के समय ठंड बढ़ सकती है, जबकि 17 और 18 नवंबर को अधिकांश इलाकों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है.