राजस्थान में 10 अक्टूबर को दिन के समय तेज धूप और गर्मी का असर बना रह सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है और अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है.
11 अक्टूबर से बदलेगा मौसम
उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में संभावित परिसंचरण तंत्र के प्रभाव से 11 अक्टूबर को मौसम में बदलाव की संभावना है. बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर और झुंझुनूं जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 13 और 14 अक्टूबर को भी उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है. इसके विपरीत जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर और भरतपुर संभागों के अधिकांश हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना है. बारिश के बाद कुछ इलाकों में तापमान में गिरावट और गर्मी से राहत मिल सकती है.
