राजस्थान में रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ गया है. शनिवार रात सीकर जिले के फतेहपुर में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राज्य के 10 से ज्यादा जिलों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे रहा.

सीकर में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री और नागौर में 7.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. शेखावाटी क्षेत्र में ठंड का असर सबसे अधिक बना हुआ है. दूसरी ओर, पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में दिन का तापमान अपेक्षाकृत ज्यादा रहा. बाड़मेर में अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले सात दिनों तक राजस्थान में मौसम मुख्यतः साफ और शुष्क रहने की संभावना है. इस दौरान बारिश की संभावना नहीं है और तापमान में बड़े बदलाव का अनुमान नहीं जताया गया है. जयपुर, भरतपुर और आसपास के कुछ इलाकों में बादल और धुंध के कारण सुबह-शाम की ठंड में मामूली राहत महसूस हो सकती है, लेकिन शेखावाटी में रात का तापमान कम बना रहने की संभावना है.