राजस्थान में 14 और 15 नवंबर को मौसम में बदलाव की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बादल छाने, मेघगर्जन और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है.
14 नवंबर को जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है. बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर और फलोदी में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी दी गई है.
15 नवंबर को बीकानेर संभाग के उत्तरी हिस्सों, अजमेर और जयपुर संभाग के उत्तरी इलाकों तथा शेखावाटी में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. इस दिन बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, जोधपुर, नागौर, फलोदी, झुंझुनूं और सीकर में मौसम खराब रहने की आशंका है.
16 नवंबर से बारिश की गतिविधियां कम होकर मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है. इसके बाद न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे सुबह और रात के समय ठंड बढ़ेगी. व्यापक या भारी बारिश का पूर्वानुमान नहीं है.
