राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) सत्र 2026-27 से कक्षा 10वीं की परीक्षा साल में दो बार आयोजित करेगा. पहली मुख्य परीक्षा फरवरी-मार्च में और दूसरी परीक्षा मई-जून में होगी. नई व्यवस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को खराब प्रदर्शन के बाद सुधार के लिए पूरे एक साल तक इंतजार करने से बचाना है.
सप्लीमेंट्री परीक्षा व्यवस्था समाप्त करके मई-जून की दूसरी परीक्षा शुरू की जाएगी. पहली परीक्षा में कम अंक पाने वाले विद्यार्थियों को इसी परीक्षा में सुधार का अवसर मिलेगा. दोनों परीक्षाओं में किसी विषय में मिले अंकों में से बेहतर अंक अंतिम अंकतालिका में शामिल किए जाएंगे. उदाहरण के तौर पर, पहली परीक्षा में 60 और दूसरी में 70 अंक मिलने पर अंतिम परिणाम में 70 अंक दर्ज होंगे. दूसरी परीक्षा में अंक कम होने पर पहली परीक्षा के अधिक अंक बरकरार रहेंगे.
अंक सुधार और अनिवार्य दूसरी परीक्षा के नियम
पहली मुख्य परीक्षा में पास विद्यार्थी अधिकतम तीन विषयों में अंक सुधार के लिए दूसरी परीक्षा दे सकेंगे. इसके लिए हिंदी, अंग्रेजी, विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान, व्यावसायिक शिक्षा और संस्कृत या तीसरी भाषा जैसे विषयों का विकल्प होगा. विद्यार्थी आवेदन के बाद विषय बदल नहीं सकेंगे और उसी विषय की परीक्षा देनी होगी.
फरवरी-मार्च की मुख्य परीक्षा सभी पंजीकृत नियमित और निजी विद्यार्थियों के लिए अनिवार्य होगी. यह परीक्षा पूरे 100 प्रतिशत पाठ्यक्रम पर आधारित होगी.
मुख्य परीक्षा में अधिकतम दो विषयों में 33 प्रतिशत से कम अंक पाने वाले विद्यार्थियों को मई-जून की दूसरी परीक्षा देनी होगी. एक विषय में अनुपस्थित रहने और दूसरे विषय में 33 प्रतिशत से कम अंक पाने वाले विद्यार्थी भी इस श्रेणी में होंगे.
तीन या उससे अधिक विषयों में असफल रहने वाले विद्यार्थियों या निर्धारित नियमों के तहत परीक्षा में अनुपस्थित रहने वालों को दूसरी परीक्षा का अवसर नहीं मिलेगा. उन्हें अगले वर्ष सभी विषयों की परीक्षा दोबारा देनी होगी.
