राजस्थान के सीकर में एक मेडिकल स्टोर कर्मचारी के मोबाइल पर बैंक का ऐसा संदेश आया, जिसे देखकर वह घबरा गया. संदेश में उसके खाते में एक लाख करोड़ रुपये ब्लॉक होने की जानकारी दी गई थी.

युवक की पहचान समीर खान के रूप में हुई है. वह सीकर के कोतवाली थाना क्षेत्र में बस स्टैंड के पास एक मेडिकल स्टोर पर काम करता है. पुलिस के अनुसार, बुधवार को मोबाइल रिचार्ज करते समय उसके फोन पर यह संदेश आया.

परेशानी तब बढ़ गई जब खाते में पहले से जमा करीब 55 हजार रुपये भी इस्तेमाल नहीं हो पा रहे थे. समीर ने मेडिकल स्टोर मालिक धीरज मटोलिया को जानकारी दी और दोनों सीकर साइबर पुलिस थाने पहुंचे.

साइबर थाने के सहायक उपनिरीक्षक दीनदयाल के मुताबिक, जांच में सामने आया कि खाते में एक लाख करोड़ रुपये जमा नहीं हुए थे. यह संदेश बैंक की तकनीकी गड़बड़ी के कारण आया था. बैंक से संपर्क करने के बाद गलती की पुष्टि हुई और खाते में जमा 55 हजार रुपये पर लगा होल्ड हटा दिया गया.