राजस्थान के सिरोही जिले में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर के बाद आग लगने से तीन युवकों की मौत हो गई. एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है.

पुलिस के अनुसार, हादसा आबू रोड क्षेत्र में तलवार नाका के पास देर रात हुआ. शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि कुछ युवक अंबाजी की ओर जा रहे थे. इसी दौरान उनकी बाइक विपरीत दिशा से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से टकरा गई.

टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई और वे बुरी तरह जल गए. दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. चौथे युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई गई है.

सूचना मिलने पर गिरवर चौकी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा. शवों को मोर्चरी में रखवाया गया है. पुलिस मृतकों की पहचान करने के साथ ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है.