राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में सीआईडी, स्थानीय पुलिस और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने दो कारोबारी परिसरों पर छापेमारी कर 22,138 लीटर संदिग्ध मिलावटी घी जब्त किया. पुलिस के अनुसार, जब्त घी की अनुमानित कीमत करीब 1.60 करोड़ रुपये है. कार्रवाई के दौरान 3.50 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए. मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
पहली कार्रवाई चौधरी कॉम्प्लेक्स स्थित अनन्या ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम और कारखाने में हुई, जहां अलग-अलग ब्रांड के नाम से पैक 16,394 लीटर संदिग्ध घी मिला. अधिकारियों ने घी के नमूने लेकर परिसर को सील कर दिया. दूसरी छापेमारी सूरतगढ़ बाईपास स्थित न्यू विजय ट्रेडिंग कंपनी में की गई, जहां से 5,744 लीटर घी जब्त हुआ.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राम तायल, मुकेश कुमार और विकास कुमार के रूप में हुई है. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि एक्सपायरी और लौटाए गए घी पर नए लेबल लगाकर उसे दोबारा बाजार में भेजा जाता था. पुलिस के मुताबिक, जब्त सामग्री के नमूनों की प्रयोगशाला जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
