राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेल लाइन पर मंगलवार को रेलवे ट्रैक के नीचे विस्फोट हुआ. घटना गांव 50 जीबी के पास बताई गई है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, धमाका अनूपगढ़ से बठिंडा जा रही ट्रेन के गुजरने के कुछ देर बाद हुआ.
धमाके से रेलवे पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो से तीन स्लीपर पिलर क्षतिग्रस्त हो गए. विस्फोट की तीव्रता इतनी बताई गई कि पिलर के भीतर लगा सरिया बाहर निकल आया और रेल क्लिप भी पटरी से अलग हो गए.
जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि क्या ट्रेन को निशाना बनाने की कोशिश की गई थी. घटना में ट्रेन को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने नहीं आई है.
श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक हरि शंकर मौके पर पहुंचे. ATS और FSL की टीमें घटनास्थल पर जांच कर रही हैं. FSL टीम ने इलाके की घेराबंदी कर जरूरी साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं. बम निरोधक दस्ते को भी मौके पर बुलाया गया है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है. विस्फोट में इस्तेमाल सामग्री, घटना की सटीक वजह और जिम्मेदार लोगों के बारे में जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट जानकारी सामने आएगी.
