राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर हुए विस्फोट के मामले में राजस्थान एटीएस और पुलिस ने पंजाब के गुरुदासपुर से एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में थे और रेलवे ट्रैक को निशाना बनाने की साजिश में शामिल थे.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरुदासपुर निवासी महकदीप कौर (21) और देवेंद्र सिंह (23) के रूप में हुई है. जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से दो हथियार, 46 कारतूस और विस्फोट के लिए दिए गए 30 हजार रुपये बरामद किए गए हैं. अधिकारियों ने यह भी कहा है कि मामले में कुछ अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
तीन बार श्रीगंगानगर पहुंचने का दावा
एटीएस के एडीजी दिनेश एमएन के अनुसार, महकदीप कौर सोशल मीडिया के जरिये पाकिस्तान के एक एजेंट के संपर्क में थी. रिपोर्ट के मुताबिक, ‘शाह’ नाम के एजेंट ने रेलवे ट्रैक पर विस्फोट के लिए पैसे उपलब्ध कराए थे. पुलिस का दावा है कि आरोपियों को राजस्थान भेजते समय आईईडी नहीं दी गई थी, बल्कि श्रीगंगानगर पहुंचने के बाद तय स्थान से उसका पैकेट मिला था.
पूछताछ में सामने आया कि दोनों पहली बार 6 अक्टूबर को श्रीगंगानगर पहुंचे और कई स्थानों की रेकी की. इसके बाद 12 और 13 अक्टूबर को उन्होंने रेलवे ट्रैक पर विस्फोटक लगाने की कोशिश की, लेकिन विस्फोट नहीं हुआ. पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर को तीसरी कोशिश में 50 जीबी गांव के पास ट्रैक पर धमाका हुआ.
धमाके से ट्रैक को नुकसान
3 नवंबर की रात करीब पौने 10 बजे हुए विस्फोट से पटरियों के बीच करीब 2 से 3 फीट गहरा गड्ढा हो गया था. दो स्लीपर क्षतिग्रस्त हुए और आसपास के कई स्लीपर के लॉक टूट गए. घटना के बाद एहतियातन इस मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई थी. मरम्मत और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद 5 नवंबर को सेवाएं बहाल कर दी गईं.
पुलिस के मुताबिक, केंद्रीय एजेंसी से मिले इनपुट के बाद राजस्थान एटीएस और पुलिस की टीमें पंजाब पहुंचीं. पंजाब काउंटर इंटेलिजेंस की मदद से दोनों आरोपियों को गुरुदासपुर में ट्रेस कर गिरफ्तार किया गया. जांच एजेंसियां मोबाइल फोन, पैसों के लेन-देन और आईईडी उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क की भी जांच कर रही हैं.
