जयपुर नगर निगम के मेयर पद के लिए भाजपा ने वरिष्ठ नेता और वार्ड 112 से नवनिर्वाचित पार्षद सुनील कोठारी को अपना प्रत्याशी बनाया है. नगर निगम के 150 वार्डों में भाजपा ने 78 सीटें जीती हैं, इसलिए कोठारी की जीत की संभावना मजबूत मानी जा रही है. मेयर का चुनाव 25 सितंबर 2026 को होना है.

कोठारी का राजनीतिक सफर हालांकि उतार-चढ़ाव भरा रहा है. जनवरी 2020 में उन्हें जयपुर शहर भाजपा अध्यक्ष बनाया गया था, लेकिन संगठनात्मक कार्यकारिणी के गठन में देरी और पार्टी के भीतर तालमेल की कमी के बीच अगस्त 2020 में उन्हें पद छोड़ना पड़ा. इसके बाद वे करीब ढाई साल तक सक्रिय राजनीति में अपेक्षाकृत दूर रहे.

2023 के राजस्थान विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने उन्हें प्रदेश स्तरीय चुनाव प्रबंधन और आर्थिक समितियों में जिम्मेदारी दी. इसी दौर में उन्होंने जयपुर को दो जिलों में बांटने के फैसले के खिलाफ ‘म्हारा जयपुर, प्यारा जयपुर, हमें चाहिए एक जयपुर’ अभियान चलाया. फैसला लागू नहीं होने पर उन्होंने 4 फरवरी 2024 को सांगानेर के सांगा बाबा मंदिर से आमेर के शिला माता मंदिर तक पदयात्रा निकाली.

हालिया निकाय चुनाव में कोठारी ने कांग्रेस प्रत्याशी आशीष शर्मा को 905 वोटों से हराया. पार्टी ने वरिष्ठता, संगठनात्मक अनुभव और पार्षदों की रायशुमारी के बाद उन्हें मेयर प्रत्याशी चुना है.