नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में सजा काट रहे आसाराम को सुप्रीम कोर्ट से मेडिकल पैरोल बढ़ाने की अनुमति नहीं मिली. अदालत ने उन्हें मंगलवार शाम 5 बजे तक जोधपुर सेंट्रल जेल में सरेंडर करने का निर्देश दिया है.
आसाराम फिलहाल 20 दिन की मेडिकल पैरोल पर जेल से बाहर था. पैरोल की अवधि बढ़ाने के लिए उसके पक्ष की ओर से सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई थी. सुनवाई के दौरान वकील ने बताया कि आसाराम का इलाज अभी जारी है और वह मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित गवर्नमेंट धन्वंतरि आयुर्वेदिक हॉस्पिटल में भर्ती है. इसी आधार पर पैरोल बढ़ाने का अनुरोध किया गया था.
हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने मेडिकल आधार पर पैरोल बढ़ाने से इनकार कर दिया और तय समयसीमा में जेल लौटने का आदेश दिया.
राजस्थान हाईकोर्ट ने 6 अक्टूबर को आसाराम को 20 दिन की पैरोल दी थी. यह अवधि मंगलवार को समाप्त हो गई. हाईकोर्ट के आदेश के बाद उसे पैरोल पर रिहा किया गया था. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अदालत ने यह भी माना था कि किसी दूसरे राज्य में मिली सजा राजस्थान में पैरोल देने की प्रक्रिया में अपने-आप बाधा नहीं बनती.
