राजस्थान के अलवर जिले में सरिस्का टाइगर रिजर्व से निकलकर एक टाइगर मंगलवार रात थानागाजी कस्बे के पास पहुंच गया. बताया गया कि टाइगर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय थानागाजी के मार्ग से होते हुए पुलिस थाने के नजदीक तक आया.

करीब रात 9 बजे सड़क पार करते टाइगर को देखकर वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक दिए. कुछ लोग उसका वीडियो बनाने लगे. सूचना मिलने के बाद सरिस्का प्रशासन सक्रिय हुआ और अलवर-जयपुर सड़क मार्ग को बंद कर दिया गया. वाहनों को दूसरे मार्ग से डायवर्ट किया गया.

टाइगर के कस्बे की ओर आने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मियों ने लोगों और ग्रामीणों को टाइगर की तरफ जाने से रोका और सड़क पर मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की हिदायत दी. थानागाजी कस्बे और आसपास के गांवों में भी सतर्कता बढ़ाई गई.

पुलिस प्रशासन ने लोगों से दिन निकलने के बाद ही बाहर निकलने की अपील की. मॉर्निंग वॉक और इवनिंग वॉक करने वालों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है.

टाइगर की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सरिस्का वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. वन विभाग और सरिस्का प्रशासन उसकी निगरानी कर रहे हैं और यह देखा जा रहा है कि वह किस दिशा में जंगल की ओर लौटता है.