राजस्थान के टोंक जिले के पीपलू पंचायत समिति क्षेत्र में पंचायत चुनाव के बाद करीब 50 स्ट्रीट लाइटें हटाए जाने को लेकर विवाद सामने आया है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि ये लाइटें भाजपा उम्मीदवार प्रियंका शर्मा की हार के कुछ घंटों बाद बिजली विभाग की टीम ने उतार लीं.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लाइटें दीवाली से पहले रणोली ग्राम पंचायत के वार्ड क्षेत्र के कुम्हारों की ढाणी, बेगमपुरा, हनीफगंज और बिजलपुरा में बिजली के खंभों पर लगाई गई थीं. ग्रामीणों का कहना है कि इनका लाभ पूरे गांव को मिल रहा था, इसलिए इन्हें हटाना उचित नहीं है.
प्रियंका शर्मा पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार धन्नालाल से 751 वोटों से हार गईं. वह निवाई से भाजपा विधायक रामसहाय वर्मा के निजी सहायक आलोक शर्मा की पत्नी हैं. ग्रामीणों ने लाइट हटाने की कार्रवाई को चुनावी नतीजे से जोड़कर सवाल उठाए हैं.
वहीं, बिजली विभाग के सहायक अभियंता गोवर्धन चौधरी ने कहा कि अनधिकृत तरीके से लगाए गए कनेक्शनों वाली लाइटें हटाई गईं. भाजपा विधायक रामसहाय वर्मा ने भी चुनावी हार और लाइट हटाने के बीच किसी संबंध से इनकार किया है.
