पितृपक्ष में इस बार 30 सितंबर 2026 का दिन विशेष माना जा रहा है. हिंदू पंचांग के अनुसार, इस दिन चतुर्थी और पंचमी तिथि का श्राद्ध एकसाथ किया जाएगा. धार्मिक मान्यता के अनुसार, पितृपक्ष में पूर्वजों के लिए श्राद्ध, तर्पण और पिंडदान करने की परंपरा है.
दोनों श्राद्ध 30 सितंबर को क्यों
चतुर्थी तिथि 29 सितंबर की शाम 5 बजकर 9 मिनट से शुरू होकर 30 सितंबर को दोपहर 2 बजकर 55 मिनट तक रहेगी. इसके बाद पंचमी तिथि शुरू होगी, जो 1 अक्टूबर को दोपहर 12 बजकर 35 मिनट तक चलेगी. श्राद्ध कर्म के लिए अपराह्न काल को महत्वपूर्ण माना जाता है. इसी आधार पर दोनों तिथियों का श्राद्ध 30 सितंबर, बुधवार को मान्य बताया गया है.
30 सितंबर को कुतुप वेला सुबह 11 बजकर 47 मिनट से दोपहर 12 बजकर 35 मिनट तक रहने की जानकारी दी गई है. यह समय शहर के अनुसार थोड़ा अलग हो सकता है, इसलिए श्राद्ध कर्म से पहले स्थानीय पंचांग देखना उचित रहेगा.
किन लोगों के लिए होगा श्राद्ध
चतुर्थी श्राद्ध उन पितरों के लिए किया जाता है जिनका निधन किसी महीने की शुक्ल या कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को हुआ हो. पंचमी तिथि पर अविवाहित मृतकों का श्राद्ध करने की परंपरा बताई गई है, इसलिए इसे कुंवारा पंचमी भी कहा जाता है. पंचमी तिथि को निधन होने वाले लोगों का श्राद्ध भी इसी दिन किया जाता है.
पिंडदान और तर्पण की परंपरा
धार्मिक विधि के अनुसार, आटा, चावल या जौ, शहद, घी और काले तिल से पिंड तैयार कर पितरों को अर्पित किए जाते हैं. इसके बाद जल में काले तिल मिलाकर तर्पण किया जाता है. कुश से बनी अंगूठी दाहिने हाथ की अनामिका में धारण करने की परंपरा भी बताई गई है.
श्राद्ध के बाद ब्राह्मण भोजन, दान-दक्षिणा और पंचबलि की परंपरा का उल्लेख मिलता है. इसमें भोजन का एक हिस्सा गाय, कुत्ते, कौवे और चींटियों सहित अन्य जीवों के लिए अलग रखा जाता है.
