गुजरात के अहमदाबाद में नवरात्रि के दौरान आयोजित ‘रंग मोरला’ गरबा कार्यक्रम में गैर-हिंदुओं और मुस्लिमों से आयोजन स्थल छोड़ने की अपील किए जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया. मंच से की गई घोषणा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. कार्यक्रम में लोकगायक आदित्य गढ़वी प्रस्तुति दे रहे थे.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कार्यक्रम के एंकर और रेडियो जॉकी आकाश त्रिवेदी ने दर्शकों से गैर-हिंदुओं और मुस्लिमों के कार्यक्रम में मौजूद होने पर बाहर जाने को कहा. विश्व हिंदू परिषद के गुजरात प्रवक्ता हितेंद्रसिंह राजपूत ने दावा किया कि बजरंग दल के कार्यकर्ता गरबा आयोजकों से गैर-हिंदुओं को प्रवेश नहीं देने की अपील करते हैं.
विवाद बढ़ने के बाद आदित्य गढ़वी ने सोशल मीडिया पर स्पष्टीकरण जारी किया. उन्होंने कहा कि मंच से कही गई बात न उनका संदेश था और न ही वह उसमें शामिल थे. गढ़वी के मुताबिक, उनकी टीम और कार्यक्रम के प्रस्तोता से इस घोषणा को लेकर सलाह नहीं ली गई थी.
सिंगर ने कहा कि गरबा ने कभी किसी से उसका उपनाम नहीं पूछा और अलग-अलग धर्मों के लोग पीढ़ियों से इसमें शामिल होते रहे हैं. उन्होंने अपने मंच को संगीत और भक्ति के लिए बताया, राजनीति के लिए नहीं.
