अकाल तख्त ने पंजाब के पायल विधानसभा क्षेत्र से AAP विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा को धार्मिक कदाचार का दोषी ठहराया है. उन पर सिख धार्मिक संस्थाओं और सिख व्यक्तित्वों के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का आरोप है. अकाल तख्त सिख धर्म की सर्वोच्च धार्मिक एवं लौकिक संस्था मानी जाती है.
अकाल तख्त सचिवालय के बयान के अनुसार, शुक्रवार को कई AAP विधायक और नेता उसके समक्ष पेश हुए. इन नेताओं ने माना कि 12 अक्टूबर को जारी निर्देशों के बावजूद उन्होंने मीडिया के सामने ग्यासपुरा के आरोपों का खंडन नहीं किया और यह स्पष्ट नहीं किया कि उन्होंने किसी तरह के जातिगत भेदभाव का सामना नहीं किया था.
ग्यासपुरा के साथ AAP नेताओं का एक समूह 12 अक्टूबर को अमृतसर स्थित दरबार साहिब परिसर में अकाल तख्त सचिवालय पहुंचा था. सचिवालय के अनुसार, ग्यासपुरा को परिसर में प्रवेश नहीं दिया गया. इसके बाद उन्होंने मीडिया से कथित तौर पर कहा था कि उनके साथ जाति के आधार पर भेदभाव किया गया.
शुक्रवार को पेश हुए AAP नेताओं ने ‘गुरु साहिब’ से माफी मांगी. उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को जाति, नस्ल या रंग के आधार पर अकाल तख्त साहिब में जाने से कभी नहीं रोका गया. नेताओं ने ग्यासपुरा की टिप्पणियों से असहमति जताते हुए उन्हें उनका निजी विचार बताया.
अकाल तख्त सचिवालय के मीडिया सलाहकार जसकरण सिंह ने पहले ग्यासपुरा के दावे को खारिज किया था. उनके अनुसार, विधायक को कथित तौर पर अकाल तख्त के जत्थेदार और सिख संस्थाओं के खिलाफ पहले की गई ‘अपमानजनक, अत्यंत आपत्तिजनक और धमकीपूर्ण’ टिप्पणियों के कारण रोका गया था.
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी कुछ महीने पहले एक वायरल वीडियो को लेकर अकाल तख्त की ओर से ‘गुरु-द्रोही’ और ‘खालसा पंथ विरोधी’ घोषित किया गया था.
